रिपोर्ट : राहुल मिश्रा।
मिश्रिख/सीतापुर। धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले महर्षि दधीचि कुंड परिसर में लगी स्ट्रीट लाइटें पिछले करीब एक वर्ष से खराब पड़ी हैं। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जल्द व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, महर्षि दधीचि कुंड वह प्रमुख स्थल है जहां होली परिक्रमा मेले का शुभारंभ किया जाता है और विभिन्न जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों का आगमन भी होता रहता है। इसके बावजूद कुंड परिसर और आसपास लगी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि होली मेले के समय से ही स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, लेकिन नगर पालिका की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन संबंधित विभाग ने इन आदेशों को गंभीरता से नहीं लिया।
नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
