लंभुआ, सुल्तानपुर। विकासखंड लंभुआ की ग्राम पंचायत दुल्हापुर में पंचायत भवन परिसर स्थित लाइब्रेरी का उद्घाटन ग्राम प्रधान एवं प्रधान संघ अध्यक्ष कैलाश चंद्र दुबे ने फीता काटकर किया।
ग्राम प्रधान कैलाश चंद्र दुबे ने बताया कि ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के ऐसे छात्र-छात्राएं, जो प्रयागराज, लखनऊ या अन्य बड़े शहरों में जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते, उन्हें अब गांव में ही बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध होगी। लाइब्रेरी में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को तैयारी में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। इसका संचालन पंचायत सहायक प्रिया सिंह की देखरेख में किया जाएगा।
इस अवसर पर कोटेदार दिनेश सिंह, महेश यादव, धर्मेंद्र सिंह, गोलू, पंचायत सहायक प्रिया सिंह सहित क्षेत्र के कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
