•जर्जर तार टूटकर गिरने से करीब 70 घरों की आपूर्ति ठप, शिकायत के बाद भी नहीं बदला गया केबिल।
सुल्तानपुर। विकासखंड भदैया की कुछमुछ ग्राम पंचायत स्थित माड़व का पुरवा में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का हाल बेहाल है।
गांव में वर्षों पुरानी जर्जर केबिल और तारों के सहारे करीब 70 घरों को बिजली आपूर्ति दी जा रही है। 63 केवी ट्रांसफार्मर से हो रही सप्लाई के दौरान जर्जर तार बार-बार टूटकर गिर जा रहा है, जिससे पूरे पुरवे की बिजली गुल हो गई है।
भीषण गर्मी में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात में अंधेरा और उमस के कारण लोगों की नींद हराम हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक जर्जर तार नहीं बदला जा सका।
ग्राम प्रधान जुनेद अहमद ने बताया कि उन्होंने स्वयं कई बार लोलेपुर के अवर अभियंता से शिकायत की, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने जल्द नया तार और केबिल बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
