•1.96 करोड़ लागत से बनेगा बहुउद्देशीय हॉल व छह गेस्ट रूम।
लम्भुआ/सुल्तानपुर। लम्भुआ तहसील के ऐतिहासिक पौराणिक तीर्थ स्थल धोपाप धाम को पर्यटन मानचित्र पर लाने की कवायद शुरू हो गई है। शुक्रवार को लंभुआ विधायक सीताराम वर्मा ने 1.96 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले पर्यटन विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा इस प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी जल निगम की सीएंडडीएस यूनिट-44, अयोध्या को सौंपी गई है। पर्यटन अनुभाग-1, लखनऊ ने 19 मार्च 2026 को इस कार्य की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान की थी। धोपाप धाम के विकास के लिए स्वीकृत प्रोजेक्ट के तहत एक बहुउद्देशीय हॉल भवन का निर्माण होगा। भूतल पर मल्टीपरपज हॉल, कॉरिडोर, महिला-पुरुष शौचालय और सीढ़ियां बनेंगी। प्रथम तल पर अटैच्ड टॉयलेट युक्त 6 गेस्ट रूम, ओपेन टैरेस, सुलभ प्रसाधन, पेयजल व्यवस्था व म्यूरल का निर्माण कराया जाएगा। विधायक सीताराम वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का आभार जताते हुए धोपाप धाम को राष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की बात कही।
शाहगढ़-कुटीवा-कादीपुर मार्ग पर स्थित धोपाप धाम में सुविधाओं के विस्तार से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। शिलान्यास कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता लक्ष्मीकांत दुबे,भाजपा नेता रविंद्र तिवारी,शाहगढ़ प्रधान प्रतिनिधि शुभम सोनकर, आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक संजय सिंह बबलू समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
