महराजगंज। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बाढ़ निरोधक कार्यों, तटबंधों की स्थिति और राहत व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में सिंचाई विभाग द्वारा बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना का पीपीटी प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने जनपद की प्रमुख नदियों पर बने तटबंधों की मरम्मत और रखरखाव की समीक्षा करते हुए सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने तहसील क्षेत्रों के तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण कर अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि तटबंधों की प्रभावी निगरानी के लिए पूर्व की भांति नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाए, ताकि बाढ़ या आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना और कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिया कि 15 जून तक जिला और तहसील स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय कर दिए जाएं।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से तटबंधों पर बने रैटहोल और रेनकट की बरसात से पहले मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही राहत शिविरों को ऊंचे स्थानों पर स्थापित करने और नदियों व नालों की सिल्ट सफाई गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने को कहा, ताकि जल निकासी सुचारु बनी रहे।उन्होंने सभी एसडीएम को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की गाइडलाइन के अनुरूप बाढ़ चौकियों के निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
वहीं आदर्श बाढ़ सुरक्षा चौकी के लिए भूमि चिन्हित करने को भी कहा गया।जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित गांवों के ग्राम प्रधानों और संभ्रांत व्यक्तियों के मोबाइल नंबर सुरक्षित रखने के निर्देश देते हुए कहा कि आपात स्थिति में स्थानीय संसाधनों जैसे ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी और क्रेन का त्वरित उपयोग किया जा सके।बैठक में चिकित्सा व्यवस्था, एंबुलेंस, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, खाद्यान्न, पशुओं के टीकाकरण, नाव और गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने फरेंदा तहसील स्थित दौलतपुर बांध की मरम्मत के लिए सिंचाई विभाग को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत सहगल, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड द्वितीय राजीव कपिल, सभी एसडीएम, तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
