•बैनर विवाद से जुड़ा मामला, जांच में जुटी पुलिस; ब्लॉक प्रमुख बोले— “कानूनी कार्रवाई की तैयारी”
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा
सीतापुर। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ऑडियो को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वायरल ऑडियो में मिश्रिख ब्लॉक प्रमुख रामकिंकर पाण्डेय के प्रति कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हालांकि, विजयदूत वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। बताया जा रहा है कि मामला किसी बैनर को लेकर हुए विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसके बाद कथित बातचीत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
मिश्रिख क्षेत्र की राजनीति में ब्लॉक प्रमुख रामकिंकर पाण्डेय का अलग स्थान माना जाता है। लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ और सम्मान बताया जाता है। ऐसे में वायरल ऑडियो में उनके प्रति कथित अपमानजनक भाषा के प्रयोग को लेकर समर्थकों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
क्या बोले ब्लॉक प्रमुख रामकिंकर पाण्डेय
इस मामले में जब ब्लॉक प्रमुख रामकिंकर पाण्डेय से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें वायरल ऑडियो की जानकारी है। उन्होंने कहा कि बैनर लगाने को लेकर विवाद हुआ था और उसी दौरान गाली-गलौज की गई। उनका आरोप है कि संबंधित युवक ने उनके खिलाफ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है।
उन्होंने बताया कि मामले में एक मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ताओं से सलाह लेकर आगे ठोस कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच सर्किल ऑफिसर स्तर से की जा रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चा और हलचल का माहौल बना हुआ है।
