Share

मिश्रिख/सीतापुर। विकासखंड मिश्रिख क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में गंदगी का साम्राज्य फैला हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है और संबंधित अधिकारी व कर्मचारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि विकासखंड मिश्रिख में तैनात एडीओ पंचायत रामवीर लगातार लापरवाही बरत रहे हैं, जिसके चलते ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। लोगों का कहना है कि स्वच्छ भारत मिशन की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत आट में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, जबकि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ग्राम पंचायत तेलियानी में सड़क पर नल का पानी बहता देखा गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाईकर्मी नियमित रूप से गांवों में नहीं आते हैं, जिसके चलते स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। ग्रामीणों ने पंचायत अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब ब्लॉक परिसर के आसपास ही साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है, तो गांवों की हालत का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था की निगरानी में भी गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


Share