रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख, सीतापुर। तहसील मिश्रिख में चल रहे एक भूमि संबंधी वाद में नायब तहसीलदार को घूस देकर मुकदमा जिताने का झांसा देकर गांव के ही चार लोगों पर एक वृद्ध और निरक्षर व्यक्ति से लाखों रुपये की ठगी करने तथा उसकी जमीन अपने नाम बैनामा कराने का आरोप लगा है। पीड़ित ने जिलाधिकारी और प्रदेश के मुख्यमंत्री से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखंड गोंदलामऊ के ग्राम पंचायत मरेली निवासी सुशील कुमार पुत्र रामगोपाल ने आरोप लगाया है कि गांव के ही अमरीश कनौजिया, देशराज, सत्येंद्र सिंह तथा मोहित मिश्रा ने तहसील में विचाराधीन भूमि संबंधी मुकदमे में नायब तहसीलदार को घूस देकर मामला अपने पक्ष में कराने का भरोसा दिलाया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी वृद्धावस्था और निरक्षरता का लाभ उठाकर उससे करीब 3 लाख रुपये ठग लिए। साथ ही चार बीघा से अधिक भूमि अपने नाम बैनामा करा ली। आरोप है कि बदले में दिया गया 2 लाख 70 हजार रुपये का चेक भी आरोपियों ने वापस झपट लिया।
पीड़ित ने शासन और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए सभी आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
