Share

गोंदलामऊ(सीतापुर)। विकासखंड गोंदलामऊ की ग्राम पंचायत ग्वाली में जल जीवन मिशन योजना पांच वर्ष बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। योजना अधूरी होने के कारण ग्रामीण आज भी शुद्ध पेयजल के लिए परेशान हैं। वहीं पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदे गए गांव के रास्ते मरम्मत न होने से बदहाल पड़े हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम पंचायत ग्वाली के ग्वाली, बेरसुवा और ग्वाली पुरवा गांवों में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से जल जीवन मिशन के तहत कार्य शुरू किया गया था। योजना के अंतर्गत एलएनटी कंपनी द्वारा पानी की टंकी का निर्माण कराया गया, लेकिन अब तक ग्रामीणों के घरों तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्वाली गांव में पाइप लाइन डालने के लिए सड़कें खोद दी गईं, लेकिन बाद में उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। वहीं बेरसुवा और ग्वाली पुरवा गांवों में अभी तक पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी पूरा नहीं हुआ है। इसके चलते करीब 1500 की आबादी वाले तीन गांवों के लोग योजना का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।

ग्रामीण शिव कुमार, अनिल, राम औतार, श्रीपाल, राम सनेही, कन्हैयालाल और मोहनलाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर पाइप लाइन के जॉइंट खुले पड़े हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

इस संबंध में जल निगम के अवर अभियंता मनीष वर्मा ने बताया कि योजना के तहत सात किलोमीटर पाइप लाइन डाली जानी थी, जिसमें अब तक लगभग 4700 मीटर कार्य पूरा हुआ है। शेष कार्य जल्द पूरा कराकर जलापूर्ति शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।


Share