महराजगंज। पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना पनियरा पुलिस, SOG और SWAT टीम की संयुक्त छापेमारी में की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अल्ताफ अहमद पुत्र अब्बास खान निवासी ग्राम गिरगिटिया थाना पनियरा जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 57 वर्ष बताई गई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3584 कैप्सूल “Tramalab 385mg” तथा 1800 एम्प्यूल “Pan-O-Fast Tramadol Injection” बरामद किए। बरामद दवाइयों की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से अपने घर पर इन प्रतिबंधित दवाओं का भंडारण कर अवैध बिक्री कर रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
इस मामले में थाना पनियरा में मुकदमा संख्या 136/2026 के तहत धारा 8/22/23/29 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी 08 मई 2026 को ग्राम गिरगिटिया से की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी राघवेन्द्र सिंह, SOG प्रभारी योगेश सिंह, SWAT प्रभारी आशीष कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
