Share

मिश्रिख, सीतापुर। कोतवाली मिश्रिख क्षेत्र के सीतापुर-हरदोई मार्ग पर ग्राम करमसेपुर के आगे स्थित सौंरी पुलिया के पास बुधवार दोपहर करीब 2 बजे ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक और बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिश्रिख में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के ग्राम नटौरा निवासी कपिल (22) पुत्र रामकिशोर अपने साथी मोहित पुत्र श्रीकेशन के साथ ग्राम टिकरा में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। बुधवार दोपहर दोनों बाइक से वापस अपने गांव नटौरा लौट रहे थे।

इसी दौरान सीतापुर-हरदोई मार्ग पर सौंरी पुलिया के पास बरमी गांव की ओर से आ रहे स्वराज ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चालक कपिल पुत्र रामकिशोर (22) निवासी नटौरा तथा ट्रैक्टर चालक मोहित पुत्र सुरेश कुमार (18) निवासी बरमी की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, बाइक सवार मोहित पुत्र श्रीकेशन निवासी नटौरा तथा अर्जुन पुत्र सीताराम (20) निवासी बरमी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिश्रिख पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कपिल और मोहित को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। वहीं दोनों घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिश्रिख में जारी है।

हेलमेट न पहनना पड़ा भारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। माना जा रहा है कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हादसा जानलेवा साबित हुआ। यदि हेलमेट पहना होता तो संभवतः चोट कम गंभीर होती और जान बच सकती थी।


Share