सुलतानपुर। जनपद में सुरक्षित बैंकिंग व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर चारू निगम के निर्देशन में सुलतानपुर पुलिस द्वारा व्यापक बैंक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने विभिन्न बैंक शाखाओं एवं आसपास के इलाकों में सघन जांच-पड़ताल की।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बैंक उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा टप्पेबाजी, जेबकतरी और लूट जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।
अभियान के दौरान बैंक परिसरों के अंदर एवं बाहर बिना कारण घूम रहे व्यक्तियों तथा संदिग्ध वाहनों की गहन तलाशी ली गई। साथ ही उनसे पूछताछ कर आवश्यक जानकारी भी जुटाई गई।
इसके अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई तथा हालिया फुटेज भी खंगाले गए। पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
