रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। जनपद में मिश्रिख स्थित महर्षि दधीच कुंड परिसर में लगा इंडिया मार्का नल लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को भीषण गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार होली परिक्रमा मेले के समय से ही नल खराब है, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दूर-दूर से महर्षि दधीच कुंड में दर्शन एवं परिक्रमा करने पहुंचते हैं। ऐसे में पेयजल व्यवस्था बाधित होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन को कई बार इस संबंध में सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा की अनदेखी प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है।
स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए खराब पड़े इंडिया मार्का नल को जल्द ठीक कराने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
