Share

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने विकास खंड महोली क्षेत्रांतर्गत प्राथमिक विद्यालय उरदौली प्रथम का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था, शिक्षण कार्य एवं मिड डे मील की गुणवत्ता की जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली और उन्हें बोर्ड पर लिखकर दिखाने को कहा। उन्होंने बच्चों से यह भी पूछा कि वे क्या पढ़ते हैं और उनकी शैक्षणिक स्थिति का आकलन किया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने मिड डे मील की व्यवस्था का निरीक्षण किया और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छा एवं पोषणयुक्त भोजन दिया जाए।

विद्यालय परिसर में गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Share