Share

मिश्रिख, सीतापुर। विकासखंड मिश्रिख की ग्राम पंचायत बहुती के करीब आधा सैकड़ा ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से शिकायती पत्र भेजकर ग्राम पंचायत की सुरक्षित भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों की सुरक्षित जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने तथा भू-माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद ग्राम पंचायत बहुती में दबंग भू-माफियाओं ने पंचायत की सुरक्षित भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र में तैनात लेखपाल ग्राम पंचायत भूमि प्रबंध समिति के मंत्री होने के बावजूद प्रभावशाली लोगों के सामने असहाय बने हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लेखपाल अवैध कब्जाधारकों के विरुद्ध कार्रवाई कराने और पंचायत भूमि को कब्जामुक्त कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं।

ग्रामीण विजय, अवधेश, संजीत कुमार, मोहित कुमार, रंजीत, छोटन्न, शाकिर अली, जाफर, रमेश, संदीप कुमार, संतोष, प्रवीण कुमार, विशाल, राजेंद्र, बृजेश कुमार सहित अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में उच्च स्तरीय जांच कराकर ग्राम पंचायत की सुरक्षित भूमि को तत्काल कब्जामुक्त कराने की मांग की है।


Share