रिपोर्ट: एल०एम० पाण्डेय।
गोरखपुर। रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) ने रेल यात्राओं से जुड़े अनुभवों को साझा करने और हिंदी भाषा के प्रयोग-प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना-2026’ की घोषणा की है। इस योजना के तहत रेल कर्मियों, सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा आम जनता से हिंदी में रेल यात्रा संबंधी अनुभव आमंत्रित किए गए हैं।
अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 8 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 6 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा पांच प्रतिभागियों को 4-4 हजार रुपये के प्रेरणा पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले रेल कर्मचारी अपनी प्रविष्टियां तीन प्रतियों में 21 जुलाई 2026 तक राजभाषा अधिकारी, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी कार्यालय, पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर को भेज सकते हैं। वहीं सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी एवं अन्य प्रतिभागी अपनी टंकित प्रविष्टियां दो प्रतियों में 31 जुलाई 2026 तक सहायक निदेशक हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा संख्या-316, कॉफमो रेल कार्यालय परिसर, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली-110002 पर भेज सकेंगे।
प्रतियोगिता के लिए रेल यात्रा वृत्तांत हिंदी भाषा में न्यूनतम 3000 और अधिकतम 3500 शब्दों का होना आवश्यक है। प्रविष्टि डबल स्पेस में टाइप की हुई होनी चाहिए तथा प्रत्येक पृष्ठ पर क्रम संख्या अंकित होना जरूरी है। साथ ही प्रतिभागियों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी एवं घोषणा पत्र भी संलग्न करना होगा।
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके अलावा प्रतिभागियों को यह घोषणा भी देनी होगी कि प्रस्तुत वृत्तांत उनकी मौलिक रचना है और उसे पूर्व में किसी अन्य पुरस्कार योजना में पुरस्कृत नहीं किया गया है।
